उजाला मैरिज हॉल में फोटो खींचने को लेकर विवाद, बंधक बने बाराती

मालीपुर के उजाला मैरिज हॉल में शादी के दौरान बड़ा हंगामा

जयमाल के समय फोटो खींचने को लेकर भड़का विवाद

घराती और बाराती पक्ष में हुई जमकर हाथापाई

अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के उजाला मैरिज हॉल में गुरुवार रात आयोजित एक विवाह समारोह फोटो खींचने को लेकर भारी हंगामे में बदल गया। जयमाल के दौरान महिलाओं के बीच खड़े होकर फोटो लेने को लेकर घराती और बाराती पक्ष में विवाद छिड़ गया। थोड़ी ही देर में मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई और मैरिज हॉल का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया।

विवाद बढ़ा तो मैरिज हॉल का गेट किया गया बंद

हंगामे के दौरान घराती पक्ष के कुछ लोगों ने मैरिज हॉल का मुख्य द्वार अंदर से बंद कर दिया, जिससे बाराती बाहर नहीं निकल सके। अचानक गेट बंद होने से बाराती अंदर ही फंस गए और स्थिति तनावपूर्ण होती चली गई।
घटना की जानकारी वहां मौजूद अन्य लोगों द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद मालीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने खोलवाया गेट, तनाव के बीच बारात लौटी बैरंग

मौके पर पहुंचकर पुलिस ने गेट खुलवाया और बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
विवाद शांत न होने और माहौल लगातार बिगड़ने के कारण बाराती बिना दुल्हन के ही रात में अपने गांव वापस लौट गए।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह–तरह की चर्चाएँ तेज हो गईं और मामला देर रात तक लोगों की बातचीत का विषय बना रहा।

फोटो खींचने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, विवाह समारोह के दौरान जयमाल के समय कुछ लोग महिलाओं के बीच खड़े होकर फोटो लेने लगे। इस पर एक पक्ष की महिलाओं ने आपत्ति जताई, जिसके बाद भीड़ के बीच से विवाद शुरू हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button