पटना। पटना में BPSC TRE 4 को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। पीटी से मेंस तक निगेटिव मार्किंग हटाने और 100 प्रतिशत डोमिसाइल की मांग को लेकर छात्र सड़कों पर उतर आए। गांधी मैदान के जेपी गोलंबर से आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया।
बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े छात्र
प्रदर्शनकारी छात्रों ने गांधी मैदान के जेपी गोलंबर के पास की गई बैरिकेडिंग का एक हिस्सा तोड़ दिया। इसके बाद कई छात्र डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ गए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे।
कई प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए
डाकबंगला चौराहे पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पहुंच गए और वहां भी घेराबंदी तोड़ने का प्रयास किया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। आईजी जितेंद्र राणा और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने मोर्चा संभाला।
सीआरपीएफ भी तैनात
प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए शहर में सीआरपीएफ को भी तैनात किया गया है। जेपी गोलंबर के पास पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। छात्र डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ने का प्रयास करते रहे।
सीएम आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई
छात्रों के मुख्यमंत्री आवास की ओर प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के अमन गुट के आह्वान पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन में शामिल हुए।









