राम मंदिर चढ़ावा मामले में कर्मचारी की पत्नी आईं सामने

आरोपों को बताया साजिश, बोलीं- सबूत हैं तो सार्वजनिक किए जाएं; SIT की जांच जारी

अयोध्या। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों के बीच मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू की पत्नी पूनम यादव पहली बार मीडिया के सामने आई हैं। उन्होंने अपने पति पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने की साजिश की जा रही है।

पूनम यादव ने कहा कि उनके परिवार के पास 50 कमरे, हॉस्टल, होटल और लग्जरी गाड़ियों जैसी बातें पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि किसी के पास कोई ठोस सबूत है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

इससे पहले रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू भी एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रख चुके हैं। टिन्नू को मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का करीबी माना जाता है। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्टों में उनके घर से सोना मिलने का दावा किया गया है, हालांकि इसकी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उधर, मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने तीसरे दिन भी अपनी कार्रवाई जारी रखी। बुधवार सुबह टीम मंदिर परिसर पहुंची और जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई। चर्चा है कि SIT चढ़ावा गिनने और बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया से जुड़े बैंक कर्मचारियों से भी पूछताछ कर सकती है।

मंगलवार को SIT ने करीब 11 घंटे तक मंदिर परिसर में जांच की थी। इस दौरान ट्रस्ट पदाधिकारियों सहित 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। जांच टीम ने चढ़ावा गिनने, रिकॉर्ड रखने और बैंक में धनराशि जमा कराने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी जुटाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button