- एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह पत्नी सरिता के साथ माथाबारी गांव पहुंचे
- सरस्वती गुरुकुल में फूल बरसाकर उनका स्वागत किया गया
- एयर चीफ मार्शल की पत्नी ने गुरुकुल की लाइब्रेरी का शुभारंभ किया
गोरखपुर। शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर माथाबारी गांव स्थित सरस्वती गुरुकुल में गुरुवार को एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह पत्नी सरिता के साथ पहुंचे। गुरुकुल पहुंचने पर छात्र-छात्राओं और लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान एयर चीफ मार्शल की पत्नी सरिता ने गुरुकुल में तैयार की गई लाइब्रेरी का शुभारंभ किया।
बच्चों ने किया ऑपरेशन सिंदूर का मंचन
गुरुकुल के छात्र-छात्राओं ने इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित मंचन प्रस्तुत किया। प्रस्तुति में पहलगाम में हुए आतंकी हमले और इसके बाद भारत की ओर से की गई सैन्य कार्रवाई को दर्शाया गया। बच्चों के मंचन को देखकर एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह, उनकी पत्नी और कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान परिसर में भारत माता की जय के जयकारे भी लगाए गए।
एयर चीफ मार्शल बोले- सबसे पहले अच्छा इंसान बनना जरूरी
बच्चों को संबोधित करते हुए एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने कहा कि बच्चों को भविष्य में जो भी बनना है, वे बनें, लेकिन सबसे पहले उन्हें एक अच्छा इंसान बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को अच्छा इंसान बनाया जा सके तो वे आगे चलकर जिस भी क्षेत्र में जाएंगे, वहां बेहतर काम करेंगे। उन्होंने बच्चों के नाम के साथ ‘इंसान’ शब्द जोड़कर इसका उदाहरण भी दिया।









