कानपुर। कैंट थाना क्षेत्र में रविवार शाम घरेलू विवाद के बाद एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि भाभी से विवाद के बाद उसका देवर अपने साथियों के साथ घर पहुंचा और बीच-बचाव कर रही भाभी की बहन को तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली महिला के सीने और पेट के बीच लगी। वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
परिजन गंभीर हालत में महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पति को थप्पड़ मारने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 5 बजे महिला का अपनी बहन के पति से मायके में विवाद हो गया था। इसी दौरान उसने अपने पति को थप्पड़ मार दिया। घटना के करीब दो घंटे बाद उसका देवर गुस्से में अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा।
आरोप है कि घर पहुंचते ही देवर ने पूछा- “भाई को किसने तमाचा मारा?” इसके बाद भाभी और देवर के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बीच-बचाव करने आई बहन को मारी गोली
विवाद बढ़ता देख भाभी की बहन दोनों को शांत कराने के लिए बीच में आ गई। इसी दौरान आरोपी देवर ने तमंचा निकाल लिया और महिला के सीने और पेट के बीच सटाकर गोली मार दी।
गोली लगते ही महिला जमीन पर गिर गई। इसके बाद आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
घटना की सूचना मिलने के बाद कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की छोटी बहन की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी देवर, जीजा समेत 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। वारदात के पीछे घरेलू विवाद को मुख्य वजह माना जा रहा है। मामले की जांच के साथ पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।









