आगरा में प्रेमी युगल के शव फंदे पर मिले

युवती के घर में एक साथ दी जान; दोनों के बीच था प्रेम संबंध

आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र के रहना कला गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिले। दोनों के शव युवती के घर के एक कमरे में चुन्नी के सहारे लटके हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने एक साथ आत्महत्या की है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शादीशुदा था युवक, युवती का भी तय हो चुका था रिश्ता

मृतक युवक की पहचान प्रीतम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रीतम पहले से शादीशुदा था और रैपिडो में काम करता था। वहीं युवती इंद्रवती का भी कुछ दिन पहले परिजनों ने रिश्ता तय कर दिया था।

बताया गया कि रविवार को युवती के माता-पिता रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी दौरान युवक युवती के घर पहुंचा। सोमवार सुबह दोनों के शव कमरे में फंदे से लटके मिले।

सुबह 7 बजे मिली पुलिस को सूचना

परिजनों को घटना की जानकारी सोमवार सुबह हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। करीब 7 बजे सूचना मिलने पर एत्मादपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार के मुताबिक, कमरे में युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिले। आसपास अन्य मकान भी हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच जारी

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस युवक और युवती के बीच संबंधों के साथ ही आत्महत्या के पीछे की वजहों की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button