शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सोमवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या में शामिल दो शूटरों सुमित और मोहित को मार गिराया। दोनों बाइक से शामली से सोनीपत की ओर भाग रहे थे। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों को गोली लगी।
पुलिस दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने मुठभेड़ की जानकारी दी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह सूचना मिली थी कि अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शूटर बाइक से शामली से सोनीपत की तरफ निकल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पकड़े जाने के डर से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है।









