विराट किसान मेले का भव्य आगाज

अंबेडकरनगर। श्रवण क्षेत्र धाम प्रांगण में गुरुवार को चार दिवसीय विराट किसान मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। कृषि प्रसार और तकनीकी प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित यह मेला 4 से 7 दिसंबर तक चलेगा। मेले का उद्घाटन सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडे ने विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, उप निदेशक कृषि अश्विनी सिंह और कृषि विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में फीता काटकर किया।

कृषि से जुड़े सभी विभागों के स्टाल आकर्षण का केंद्र

उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि ने कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, मत्स्य, सिंचाई, गन्ना, फसल बीमा, पीएम सूर्य योजना, एनआरएलएम, एफपीओ और अन्य कृषक हितकारी विभागों के स्टालों का अवलोकन किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसानों को नवीनतम कृषि तकनीक, सरकारी योजनाओं और नवाचारों की जानकारी सरल भाषा में दी जाए ताकि वे इसका तत्काल लाभ उठा सकें।

मेले में आधुनिक उपकरण, ड्रोन तकनीक, पौध संरक्षण मॉडल, सिंचाई तकनीक, जैविक कृषि उत्पादों और सरकारी सब्सिडी योजनाओं से जुड़े प्रेजेंटेशन खास आकर्षण बने हुए हैं।

दीप प्रज्वलन के साथ किसान गोष्ठी का शुभारंभ

स्टालों के निरीक्षण के बाद दीप प्रज्वलित कर किसान गोष्ठी की शुरुआत हुई। गोष्ठी में विशेषज्ञों ने खरीफ और रबी दोनों मौसमों में उत्पादन बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक खेती के तरीकों पर मार्गदर्शन दिया।

सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन किसानों को एक ही स्थान पर तकनीक, परामर्श और योजनाओं की जानकारी देने का अनूठा मंच है। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य किसानों को ऐसी जानकारी उपलब्ध कराना है, जो उनकी आय बढ़ाने और लागत घटाने में सहायक हो सके। किसानों से अपील की गई कि मेले की अवधि के दौरान वे अधिक संख्या में उपस्थित होकर नई तकनीकों को अपनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button