गोरखपुर में मां के सामने बस ने 5 साल के मासूम को कुचला, मौत

  • स्कूल बस का इंतजार कर रही थी मां, तेज रफ्तार बस ने बच्चे को रौंदा
  • हादसे के बाद ग्रामीणों ने 200 मीटर दूर बस को घेरा, टीचर को बनाया बंधक
  • ड्राइवर मौके से फरार, पुलिस ने बस और टीचर को थाने पहुंचाया

गोरखपुर। गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह स्कूल बस की चपेट में आने से पांच साल के मासूम की मौत हो गई। हादसा नईयापार बुजुर्ग गांव में सुबह करीब आठ बजे हुआ। मृतक की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है। वह एसडी पब्लिक स्कूल, चौरी में कक्षा एक में पढ़ता था।

हिमांशु की मां सोनी ने बताया कि शनिवार सुबह उन्होंने बेटे के लिए लंच तैयार किया था। इसके बाद वह उसे स्कूल भेजने के लिए घर के बाहर बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एसडी पब्लिक स्कूल की बस तेज रफ्तार में वहां पहुंची और मां के सामने ही बच्चे को कुचलते हुए निकल गई।

बस के पहिए के नीचे आया मासूम

हादसे के बाद सोनी ने शोर मचाया। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने करीब 200 मीटर तक बस का पीछा कर उसे घेर लिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग आक्रोशित हो गए।

परिवार के लोग हिमांशु को लेकर सीएचसी पिपराइच पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों ने बस को घेरा, शीशे तोड़े

हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने स्कूल बस को रोक लिया। बस में बैठी स्कूल की टीचर को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। इस दौरान बस के शीशे भी तोड़ दिए गए और जमकर हंगामा हुआ। बताया जा रहा है कि बस का चालक मौके से फरार हो गया।

करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलने के बाद पिपराइच थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे बाद पुलिस बस और उसमें मौजूद टीचर को थाने ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button