वाराणसी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को काशी विद्यापीठ में Gen-Z छात्रों से संवाद किया। युवा संवाद कार्यक्रम में छात्रों ने करियर, उच्च शिक्षा और विकसित भारत से जुड़े सवाल पूछे। नितिन नवीन ने कहा कि युवाओं को अलग-अलग पीढ़ियों और वर्गों में बांटने के बजाय उन्हें एक साथ आगे बढ़ने का अवसर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश था और आज भी है।
युवाओं को अल्फा-बीटा-गामा में बांटने पर सवाल
नितिन नवीन ने छात्रों से बातचीत के दौरान कहा कि युवाओं को अलग-अलग वर्गों में बांटने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “हम अपने युवा को अलग-अलग वर्ग में क्यों बांटते हैं। युवा तो युवा हैं।” उन्होंने अल्फा, बीटा और गामा जैसी पीढ़ियों की श्रेणियों का जिक्र करते हुए कहा कि सभी युवा भारत के युवा हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश के युवाओं को उनकी क्षमता और प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने युवाओं से संवाद के दौरान उनसे सुझाव और दिशा देने की भी अपील की।
घुसपैठियों को युवाओं का हक नहीं देने की बात
नितिन नवीन ने कहा कि भारत अपने युवाओं के अधिकारों और अवसरों की रक्षा करेगा। उन्होंने कहा कि विदेश से आए घुसपैठियों को भारतीय युवाओं का हक नहीं दिया जाएगा।
यह बयान उनके काशी दौरे के दौरान दिए गए उन राजनीतिक आरोपों के बीच आया, जिसमें उन्होंने विपक्ष पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया था।
भारत जल्द बनेगा AI का हब
करियर से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भारत जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का हब बनेगा। उन्होंने युवाओं को तकनीक और बदलते रोजगार के अवसरों के लिए तैयार रहने की बात कही।
काशी विद्यापीठ के छात्रों ने उच्च शिक्षा और विकसित भारत को लेकर भी सवाल पूछे। एक छात्र ने सवाल किया कि भारत को 2047 तक विकसित बनाने का लक्ष्य क्यों रखा गया है और क्या इससे पहले देश विकसित नहीं हो सकता।
यूपी में बदलाव का किया जिक्र
भाजपा अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश का नाम आने पर माफिया और हत्या जैसी चर्चाएं होती थीं, लेकिन अब प्रदेश में एक्सप्रेस-वे और डिफेंस कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं दिखाई दे रही हैं।
उन्होंने युवाओं से प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका निभाने और भविष्य की संभावनाओं पर ध्यान देने की अपील की।









