अंबेडकरनगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आलापुर विधायक त्रिभुवन दत्त ने अयोध्या के शाने अवध होटल में प्रबंधकों और शिक्षकों के साथ बैठक कर शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के पक्ष में समर्थन जुटाया।
बैठक में विधायक त्रिभुवन दत्त ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को सदन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए योग्य प्रत्याशी का चुनाव जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से डॉ. संजयन त्रिपाठी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
नारायण गुट का समर्थन, चुनावी समीकरण साधने की कोशिश
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (नारायण गुट) के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने डॉ. संजयन त्रिपाठी को समर्थन देने का ऐलान किया। शिक्षक एमएलसी चुनाव के मद्देनजर इसे प्रत्याशी के समर्थन में अहम पहल माना जा रहा है।
इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह राना यादव, चुनाव प्रभारी छोटेलाल यादव, शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष दानबहादुर सिंह समेत शिक्षक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।









