काशी के आसमान में सुखोई-राफेल की गर्जना, गंगा के ऊपर बना तिरंगा

एयर शो के दूसरे दिन सारंग हेलिकॉप्टरों ने दिखाए करतब, नमो घाट पर क्रूज में उतरे कमांडो; 100 विमानों ने लिया हिस्सा

वाराणसी। काशी में एयर शो के दूसरे दिन शनिवार को आसमान में भारतीय वायुसेना के विमानों ने रोमांचक करतब दिखाए। सारंग हेलिकॉप्टरों ने गंगा के ऊपर तिरंगा बनाया और घाटों की परिक्रमा की। नमो घाट पर कमांडो हेलिकॉप्टर से क्रूज पर उतरे और कुछ ही देर बाद रस्सी के सहारे वापस हेलिकॉप्टर पर चढ़ गए। इस दौरान घाटों पर मौजूद लोगों ने तालियों के साथ वायुसेना के जवानों का उत्साह बढ़ाया।

सुखोई की कलाबाजियों पर गूंज उठीं तालियां

एयर शो में राफेल और सुखोई समेत लड़ाकू विमानों की गर्जना से नमो घाट गूंज उठा। सुखोई के हैरतअंगेज करतब देखकर दर्शक रोमांचित हो गए। लड़ाकू विमान कभी अचानक दिशा बदलते, तो कभी नीचे की ओर आते और फिर तेजी से ऊपर उठकर हवा में कलाबाजियां दिखाते नजर आए। विमानों के करतब देखकर लोगों ने तालियां बजाईं।

100 विमानों ने आसमान में दिखाया दम

एयर शो में कुल 100 विमानों ने हिस्सा लिया। इनमें 15 परिवहन विमान, 32 हेलिकॉप्टर और विंटेज विमान ‘सारनाथ’ भी शामिल रहे। विमानों ने देशभर के 12 एयरबेस से उड़ान भरकर काशी के आसमान में प्रदर्शन किया। एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। विदेशी पर्यटकों ने भी कार्यक्रम का आनंद लिया और अपने अनुभव को शानदार बताया।

वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष पर आयोजन

भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर काशी में तीन दिवसीय एयर शो आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का अंतिम दिन 25 अक्टूबर को है। आयोजकों के कार्यक्रम के अनुसार, अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी पहुंचने की संभावना है। एयर शो के जरिए वायुसेना की क्षमता, कौशल और आधुनिक हवाई करतबों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button