प्रयागराज। कैंट थाना क्षेत्र में भाजपा नेता की करीब 50 लाख रुपये की फॉर्च्यूनर चोरी होने का मामला सामने आया है। गुरुवार रात करीब 10:30 बजे हुई यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति लंगड़ाते हुए कार की तरफ जाता दिखाई दे रहा है। उसके सिर पर गमछा बंधा है और हाथ में एक झोला है।
50 सेकंड में कार लेकर हुआ फरार
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, संदिग्ध व्यक्ति ड्राइवर की दूसरी तरफ वाले गेट के पास पहुंचा और कार के नीचे कुछ करता दिखाई दिया। इसके बाद उसने गेट खोला और महज 50 सेकंड में गाड़ी लेकर फरार हो गया। चोरी का तरीका और पूरी घटना अब पुलिस की जांच का हिस्सा हैं।
भाजपा नेता ने पुलिस से की शिकायत
फॉर्च्यूनर भाजपा नेता पीयूष जायसवाल की बताई जा रही है। वह कारोबारी होने के साथ भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भी हैं। पीयूष जायसवाल ने सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराते हुए पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस शिकायत और फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। चोर की पहचान और चोरी हुई गाड़ी की बरामदगी के संबंध में आगे की जानकारी का इंतजार है।









