वडोदरा। गुजरात के वडोदरा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। हादसा कोटांबी स्टेडियम के पास हुआ, जहां राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही बालाजी ट्रैवल्स की लग्जरी स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के कई यात्री अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही SDRF, NDRF और वडोदरा फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सभी घायलों को एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के कारण क्षेत्र में लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य के साथ यातायात बहाल कराने की कार्रवाई की। मृतकों में एक 9 वर्षीय बच्चा भी शामिल है।
गौरतलब है कि गुजरात में इसी महीने 2 जून को सूरत जिले के बारडोली के पास भी दो बसों की टक्कर में 7 यात्रियों की मौत हो गई थी। उस हादसे में एक बस में आग भी लग गई थी।









