
रिनोवेशन के चलते परिवार सहित नए फ्लैट में पहुंचे शाहरुख खान
पाली हिल स्थित ‘पूजा कासा’ अपार्टमेंट में अस्थायी रूप से रह रहे हैं किंग खान
हर महीने 24 लाख का किराया, फिर भी परिवार को मिला आलीशान ठिकाना
मुंबई। मुंबई के सुपरस्टार शाहरुख खान इन दिनों अपने मशहूर बंगले ‘मन्नत’ को लेकर नहीं, बल्कि नए ठिकाने को लेकर चर्चा में हैं। बड़े पैमाने पर रिनोवेशन के चलते उन्होंने अपने पूरे परिवार के साथ एक नए अपार्टमेंट में अस्थायी रूप से रहना शुरू कर दिया है। परिवार में उनकी पत्नी गौरी खान, बेटी सुहाना, बेटे आर्यन और अबराम शामिल हैं। सभी फिलहाल मुंबई के पॉश इलाके पाली हिल स्थित एक भव्य बिल्डिंग में रह रहे हैं, जहां शाहरुख ने दो डुप्लेक्स यूनिट किराए पर लिए हैं।
24 लाख रुपए हर महीने किराया
सूत्रों के अनुसार, इस अपार्टमेंट का किराया करीब 24 लाख रुपये प्रति माह है। सालाना किराया करीब 2.9 करोड़ रुपये है। अपार्टमेंट का कुल कारपेट एरिया लगभग 10,500 स्क्वायर फीट है, जो उनके पुराने घर मन्नत से काफी छोटा है लेकिन सुविधाओं से भरपूर है।
शाहरुख के नए पड़ोसी होंगे फिल्म निर्माता
जिस बिल्डिंग में शाहरुख खान रह रहे हैं, वह जानी-मानी फिल्म निर्माता भगनानी फैमिली की है। निर्माता वासु भगनानी ने यह बिल्डिंग अपनी पत्नी के नाम पर बनवाई है और उनका परिवार भी वहीं रहता है। शाहरुख के नए पड़ोसियों में अब जैकी भगनानी और उनकी पत्नी रकुल प्रीत सिंह भी शामिल होंगे।
सिक्योरिटी और स्टाफ के लिए भी है पर्याप्त जगह
नई जगह भले ही मन्नत जितनी बड़ी न हो, लेकिन इसमें शाहरुख का स्टाफ और सिक्योरिटी टीम आराम से रह सकती है। रिपोर्ट्स की मानें तो उनकी टीम के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराई गई है।
ऐतिहासिक लोकेशन में है नया घर
शाहरुख का यह नया ठिकाना एक ऐसे क्षेत्र में स्थित है, जहां कभी दिलीप कुमार का बंगला भी हुआ करता था। अब वह जगह रीडेवलपमेंट के बाद लग्जरी अपार्टमेंट्स में बदल चुकी है। इसी इलाके में संजय दत्त और कपूर खानदान के घर भी हैं, जिससे इस क्षेत्र का स्टारडम और बढ़ गया है।








