
जनपद अंबेडकरनगर पहली बार करेगा राष्ट्रीय खेल आयोजन की मेज़बानी
देशभर से आएंगे खिलाड़ी, खेल भावना से सराबोर होगा जिला
मुख्यमंत्री योगी के हाथों हो सकता है प्रतियोगिता का शुभारंभ
अंबेडकरनगर। जनपद अंबेडकरनगर एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। 20 से 24 अप्रैल तक यहां 47वीं राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसकी भव्य शुरुआत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से होने की संभावना है। प्रतियोगिता को लेकर प्रशासनिक तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है और पूरा जिला एक खेल महाकुंभ की मेज़बानी के लिए कमर कस चुका है।
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के मद्देनज़र, गेस्ट हाउस हवाई पट्टी परिसर में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया और तैयारियों की व्यापक समीक्षा की।
राष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ता अंबेडकरनगर
बैठक में जिलाधिकारी एवं प्रतियोगिता के आयोजन अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कहा, “यह आयोजन न केवल अंबेडकरनगर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा, बल्कि युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की संस्कृति को भी सुदृढ़ करेगा।” उन्होंने बताया कि देशभर से चयनित हैंडबॉल खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जिससे जिले की धरती गौरवान्वित होगी।
मुख्यमंत्री के आगमन पर होगा विकास योजनाओं का लोकार्पण
बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन पर यह आयोजन एक भव्य राजकीय समारोह का रूप ले लेगा। इस अवसर पर 1100 से अधिक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र और अन्य लाभ भी वितरित किए जाएंगे।








