
- प्रकृति और मानवता के संतुलन की ओर बढ़ता अंबेडकरनगर
- हर गांव में विकसित होंगे जैवविविधता से भरपूर मियावाकी वन
- जिलाधिकारी की अगुवाई में पर्यावरणीय सुधारों को मिला नया आयाम
अंबेडकरनगर – पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनपद अंबेडकरनगर ने एक बड़ी पहल करते हुए “एक ग्रामसभा–एक मियावाकी” अभियान को नई ऊर्जा दी है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला वृक्षारोपण, पर्यावरण एवं गंगा समिति की बैठक में इस अभिनव पहल को अमलीजामा पहनाने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई। डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण को औपचारिकता से निकालकर एक जनांदोलन का रूप देना वक्त की मांग है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक ग्रामसभा में मियावाकी पद्धति से एक घना, जैवविविधता युक्त और स्थायी मिनी वन विकसित किया जाएगा, जिससे हर गांव हरित क्षेत्र में तब्दील हो सके।
विभागों को दिए गए स्पष्ट निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को सौंपे गए वृक्षारोपण लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने और इससे भी अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विभागों के लिए नोडल अधिकारियों की सूची तत्काल साझा की जाए ताकि कार्यों में बेहतर समन्वय हो सके। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि गड्ढों की खुदाई समय पर पूरी हो, पौधे उपलब्ध कराए जाएं, और रोपित पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, स्वास्थ्यवर्धक और बड़े आकार के पौधे उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया जिससे उनकी जीवंतता और दीर्घायु सुनिश्चित हो सके।
वेटलैंड संरक्षण की दिशा में भी कदम
बैठक में जिला आद्रभूमि समिति के अंतर्गत वेटलैंड्स की पहचान और संरक्षण पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने आदेश दिए कि जिन ग्रामों में अभी तक ग्राम आद्रभूमि समितियों का गठन नहीं हुआ है, वहां शीघ्र गठन कर संबंधित जानकारी वन विभाग को सौंपी जाए। जनपद में स्थित 193 वेटलैंड्स के सीमांकन कार्य को भी प्राथमिकता पर जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
शहरी स्वच्छता पर भी कड़ी निगरानी
जिला गंगा समिति की बैठक में शहरी क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। डीएम ने नालों की सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि कूड़ा तय स्थानों के अलावा अन्यत्र फेंकने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रमुख अधिकारी रहे उपस्थित
इस अहम बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, प्रभागीय वनाधिकारी उमेश तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी व समिति सदस्य उपस्थित रहे।









