
डंबल रखते ही बिगड़ी तबीयत, कुछ कदम चलकर गिरे कारोबारी
जिम ट्रेनर ने दी थी आराम करने की सलाह, लेकिन उठाया भारी वजन
डॉक्टरों ने बताया- हार्ट अटैक की कई वजहें होती हैं
जबलपुर। जबलपुर के गोल्ड जिम में शुक्रवार सुबह एक्सरसाइज करते समय एक कारोबारी की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई, और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
मृतक की पहचान 51 वर्षीय यतीश सिंघई के रूप में हुई है, जो पेशे से कारोबारी थे। वे पिछले कई महीनों से रोजाना जिम में नियमित एक्सरसाइज कर रहे थे। इस दिन भी यतीश सुबह जिम पहुंचे थे और करीब एक से डेढ़ घंटे तक एक्सरसाइज करते रहे। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह डंबल उठाकर एक्सरसाइज कर रहे थे, लेकिन अचानक उन्हें परेशानी महसूस होती है। इसके बाद उन्होंने डंबल को नीचे रख दिया और फिर धीरे-धीरे गिर पड़े।
उनके ट्रेनर और जिम में मौजूद लोग तत्काल उनके पास पहुंचे और उनकी मदद करने लगे। उन्होंने यतीश की पीठ और सीने पर मालिश की, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, यतीश की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई।
यतीश के ट्रेनर ने बताया कि उस सुबह जिम में आते समय यतीश को हल्का सीने में दर्द महसूस हो रहा था, लेकिन फिर भी उन्होंने एक्सरसाइज जारी रखी। ट्रेनर ने उन्हें आराम करने और भारी वजन नहीं उठाने की सलाह दी थी, लेकिन यतीश ने सलाह को नजरअंदाज किया और हैवी वेट से प्रैक्टिस करते रहे।








