- विदेश में बसे पंजाबियों ने वीडियो कॉल के ज़रिए रखीं अपनी पीड़ा
- मंत्री धालीवाल ने तत्काल दिए कार्रवाई के निर्देश
- ज़मीन विवाद और पारिवारिक धोखे के मामलों ने खींचा ध्यान
अमृतसर। पंजाब सरकार के एनआरआई मामलों के विभाग ने विदेशों में रह रहे भारतीय पंजाबियों की समस्याओं को सुनने और समाधान के लिए सोमवार को ‘ऑनलाइन एनआरआई मिलनी’ का आयोजन किया। यह बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई, जिसमें दुनियाभर में बसे पंजाबियों ने वर्चुअली भाग लेकर अपनी शिकायतें सीधे सरकार के समक्ष रखीं। एनआरआई मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने इस मिलनी की अध्यक्षता की और कई मामलों में तुरंत कार्रवाई के आदेश भी दिए। बैठक के दौरान सबसे अधिक मामले ज़मीन विवाद और पारिवारिक उत्पीड़न से जुड़े सामने आए।
मेलबर्न की युवती ने पति पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप
मेलबर्न में रहने वाली तान्या नामक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसका पति शादी के बाद 30 लाख रुपये कैश और कीमती जेवर लेकर फरार हो गया। तान्या के अनुसार, उसने लुधियाना के एनआरआई थाने में दिसंबर 2024, जनवरी और फरवरी 2025 में तीन शिकायतें दर्ज कराई हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता जब शिकायत को लेकर थाने पहुंचे, तो उन्हें यह कहकर भगा दिया गया कि शादी भारत में नहीं हुई है, इसलिए मामला यहां का नहीं बनता।
एसपी रैंक के भाई से जमीन विवाद, मंत्री ने दिए रोक के आदेश
ऑस्ट्रेलिया में रह रहे इंद्रपाल सिंह ने बताया कि उनके एसपी रैंक के भाई ने पिता की मृत्यु के बाद उनकी संपत्ति हड़प ली है। अब उन्होंने मां से पावर ऑफ अटॉर्नी लेकर प्लॉट की रजिस्ट्री अपनी पत्नी के नाम करवा ली है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री धालीवाल ने अजनाला के तहसीलदार को फोन कर आदेश दिया कि उस प्लॉट का इंतकाल अपलोड न किया जाए। साथ ही इंद्रपाल को कोर्ट में रजिस्ट्री रद्द करने की अर्जी देने की सलाह भी दी।
विदेश में रह रही पूर्व बैंक कर्मचारी का घर पर कब्जा
बैठक के दौरान सरी (कनाडा) में रह रहीं पूर्व बैंक कर्मी अमरजीत कौर ने बताया कि उनके भाई, भाभी और जवाई ने उनके घर पर कब्जा कर लिया है और उन्हें धमकाया जा रहा है कि वे घर में घुस भी नहीं सकतीं, जबकि सभी कागजात उनके नाम पर हैं। इस पर मंत्री धालीवाल ने बताया कि पुलिस के पास उनकी तीन शिकायतें पहुंच चुकी हैं, जिनमें से दो मामलों में चालान कोर्ट में दायर किया जा चुका है और एक में आरोपी की ओर से जमानत याचिका दाखिल की गई है। धालीवाल ने अमरजीत कौर को सलाह दी कि वे लुधियाना के एआईजी से संपर्क करें और आवश्यक सहायता प्राप्त करें।








