
- गांव के किसान की दर्दनाक मौत से ग्रामीणों में मातम, ट्रक चालक मौके से फरार
- शौच से लौटते समय हुआ हादसा, मदद की गुहार के बावजूद नहीं बची जान
- ट्रक की चपेट में आया किसान, मौके पर ही हो गई मौत, मचा हड़कंप
अम्बेडकरनगर। एक भयावह सड़क हादसे में गिट्टी लदे ट्रक की चपेट में आकर एक किसान की मौत हो गई। घटना इतनी दर्दनाक थी कि पीड़ित ट्रक के पहियों के बीच फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटता रहा, जिससे उसके शरीर के आंतरिक अंग बाहर आ गए। इसके बावजूद वह मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। हादसा सम्मनपुर थाना क्षेत्र के हुसैनपुर रुकुनुद्दीनपुर गाँव के पास मेलहिया बाग के नजदीक सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। मृतक लाल बहादुर वर्मा (50) साइकिल से बड़ेपुर जा रहे थे। पेट में तकलीफ होने के कारण उन्होंने साइकिल बाजार में छोड़ी और शौच के लिए पैदल निकले। लौटते समय वह गिट्टी लदे ट्रक से टकरा गए और ट्रक के नीचे फंस गए।
ट्रक चालक फरार, परिवार में मचा कोहराम
आघात इतना गंभीर था कि वर्मा ट्रक के पहियों के बीच फंसकर लगभग 50 मीटर तक घिसटे। राहगीरों ने जब ट्रक चालक को रोकने की कोशिश की, तो वह वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को जब्त कर लिया। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश सिंह यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं, इस हादसे से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, और मृतक के परिवार में मातम छा गया है।
पुलिस जाँच में जुटी
पुलिस ट्रक के मालिक और चालक की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं और मांग की है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जाए।








