- 22 जुलाई को ट्रस्ट की बैठक में होगी समीक्षा
- सीएम योगी ने नई SIT गठन को दी मंजूरी
- 27 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई
नई दिल्ली/अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर मंगलवार को संसद में हंगामे के आसार हैं। दूसरी ओर, 22 जुलाई को होने वाली राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में ट्रस्ट सदस्यों की कमी, विशेष जांच दल (SIT) की अंतिम रिपोर्ट और सीईओ की नियुक्ति समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इस मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने नई SIT गठित करने का निर्देश दिया। सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कहा कि जांच नए सिरे से कराई जाए और इसकी अगुआई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी करें, ताकि मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच हो सके।
अदालत ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से नई SIT के लिए अधिकारियों के नाम पेश करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी।
इधर, सोमवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई SIT के गठन को मंजूरी दे दी। नई टीम में पहले शामिल लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत और विशेष सचिव नीलरतन कुमार को नहीं रखा जाएगा। उनकी जगह एक डीआईजी और एक एसएसपी स्तर के आईपीएस अधिकारी को शामिल किया जाएगा।
नई SIT पहले से दर्ज एफआईआर के आधार पर मामले की जांच करेगी और 30 जुलाई तक अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।









