- वैश्विक एकजुटता: इटली, फ्रांस, और इजराइल ने भारत के साथ खड़ा होने का किया ऐलान
- ब्रिटिश सांसदों ने पहलगाम हमले को ‘कायरतापूर्ण’ बताया, भारतीय लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की
- विदेश मंत्रालय की बैठक: 5 देशों के राजदूतों को दी गई पहलगाम हमले की जानकारी
जम्मू-कश्मीर । इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने गुरुवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में इटली के पूर्ण समर्थन की पुष्टि की। पीएम मोदी ने उनके समर्थन और आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट रुख की सराहना की।
इसी तरह, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी पीएम मोदी के साथ फोन पर वार्ता की। मैक्रों ने पहलगाम हमले की निंदा करते हुए कहा कि “फ्रांस और उसके सहयोगी आतंकवाद के खिलाफ हर मोर्चे पर लड़ाई जारी रखेंगे।” उन्होंने इस बातचीत का जिक्र हिंदी में एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट करके भारत के प्रति अपनी एकजुटता दिखाई।
ब्रिटिश संसद में पहलगाम हमले की गूंज, सांसदों ने की निंदा
लंदन: ब्रिटिश संसद में पहलगाम आतंकी हमले का मुद्दा उठाया गया। सिख सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी और ब्रिटिश सांसद बॉब ब्लैकमैन ने गुरुवार को संसद में इसकी निंदा करते हुए इसे “कायरतापूर्ण, भयावह और चौंकाने वाला हमला” बताया।
ढेसी ने कहा, “मैं कश्मीर में निर्दोष पर्यटकों पर हुए इस कायरतापूर्ण हमले से बेहद दुखी हूं। मेरी प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि दोषियों को जल्द न्याय मिलेगा।” उन्होंने सदन के नेता से अनुरोध किया कि ब्रिटिश संसद की ओर से भारतीय लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की जाए और इस हमले की कड़ी निंदा की जाए।
इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने की हमले की निंदा
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी पहलगाम हमले की कड़ी निंदा की और पीएम मोदी के साथ फोन पर बातचीत की। नेतन्याहू ने कहा, “हम भारत के लोगों के साथ खड़े हैं। पीड़ितों के परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं।” इस बीच, रूसी मीडिया रशिया टुडे (RT) ने दावा किया है कि “भारत आतंकवाद के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई करने वाला है।”








