- बुमराह और संजना ने क्यों उठाई आवाज़?
- अंगद के मजाक पर बुमराह परिवार का गुस्सा
- ट्रोल्स से बुरी तरह प्रभावित हुई बुमराह की फैमिली
मुंबई। आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और उनकी पत्नी संजना ग्रासी ट्रोल्स के खिलाफ आग बबूला हो गए हैं। दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक कड़क पोस्ट शेयर कर ट्रोल्स को जमकर फटकार लगाई है। यह गुस्सा तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर उनके बेटे अंगद बुमराह का मजाक उड़ाया गया।
“हमारा बेटा मनोरंजन का विषय नहीं”
संजना ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “हमारा बेटा आपके मनोरंजन का विषय नहीं है। जसप्रीत और मैं पूरी कोशिश करते हैं कि अंगद को सोशल मीडिया से दूर रखें क्योंकि इंटरनेट नफरत भरी जगह है। हम समझते हैं कि स्टेडियम में कैमरों के सामने बच्चे को लाने के क्या नतीजे हो सकते हैं, लेकिन हम वहां सिर्फ जसप्रीत का सपोर्ट करने पहुंचे थे।”
उन्होंने आगे कहा, “एक बच्चे के लिए ‘ट्रॉमा’ और ‘डिप्रेशन’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना दिखाता है कि हम समाज के तौर पर कितने नीचे गिर चुके हैं। आप हमारे बेटे और हमारी जिंदगी के बारे में कुछ नहीं जानते। कृपया, बिना जाने अपनी राय ऑनलाइन न फैलाएं।”
मैच के बाद वायरल हुआ फोटो, ट्रोल्स ने उड़ाया मजाक
रविवार को मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपरजायंट्स को हराया था। इस मैच में संजना और अंगद स्टेडियम में जसप्रीत को सपोर्ट करने पहुंचे थे। मैच के बाद परिवार की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसके बाद कुछ यूजर्स ने अंगद के लिए आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इसके बाद ही बुमराह दंपति ने ट्रोल्स को जवाब दिया।
अक्सर स्टेडियम पहुंचते हैं संजना और अंगद
संजना और अंगद अक्सर जसप्रीत के मैचों में उनका सपोर्ट करने स्टेडियम पहुंचते हैं। इस बार भी मुंबई की जीत के बाद परिवार ने साथ में जश्न मनाया, लेकिन ट्रोल्स की वजह से यह पल खराब हो गया। अब फैंस बुमराह परिवार के साथ खड़े हैं और ट्रोल्स की इस हरकत की निंदा कर रहे हैं।








