
- युवक को वॉट्सऐप कॉल कर आर्मी मूवमेंट की जानकारी जुटाने की कोशिश
- कॉलर खुद को ‘विनय गुप्ता’ नामक अकाउंटेंट बता रहा था
- बातचीत में बार-बार सेना और बॉर्डर मूवमेंट पर सवाल
नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद सामने आई इस कॉल रिकॉर्डिंग में एक व्यक्ति बठिंडा निवासी युवक शुभम से संपर्क करता है। कॉलर खुद को अकाउंटेंट विनय गुप्ता बताकर शुरुआत में कोचिंग फीस लौटाने की बात करता है, लेकिन कुछ देर बाद बातचीत का रुख बदल जाता है और वह सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारी जुटाने की कोशिश करता है।
कॉलर बार-बार बठिंडा कैंट में फौजियों की मौजूदगी, उनकी तैनाती और बॉर्डर मूवमेंट के बारे में पूछताछ करता है। यहां तक कि वह मिलिट्री ट्रेन के उपयोग पर भी सवाल करता है। शुभम ने जवाब में बताया कि वह अब कैंट में नहीं रहता और उसके पिता सेना से रिटायर होने वाले हैं, इसलिए वह इन जानकारियों से अनभिज्ञ है।
इस कॉल की भाषा और लहजे से यह संदेह गहराया है कि कॉलर पाकिस्तानी हो सकता है। उसने हिंदी बोलने में झिझक दिखाई और बीच-बीच में अंग्रेजी शब्दों का प्रयोग किया, जिससे शुभम को भी उस पर शक हुआ।
बठिंडा के SP (सिटी) नरिंदर सिंह ने कॉल रिकॉर्डिंग की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला साइबर सेल को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कॉल्स में अक्सर ठगी या संवेदनशील जानकारी जुटाने की मंशा हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक कॉलर की पहचान और मकसद साफ़ नहीं होता, आर्मी की रेकी को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाज़ी होगी।









