नई दिल्ली। मई का महीना कई बड़े बदलावों के साथ शुरू हुआ है। अमूल दूध से लेकर ATM शुल्क तक और रेलवे के नए नियमों से लेकर गैस सिलेंडर के दामों तक, आम आदमी को प्रभावित करने वाले कई फैसले आज से लागू हो गए हैं। आइए जानते हैं इनमें से 5 प्रमुख बदलाव:
1. अमूल दूध 2 रुपए प्रति लीटर महंगा
मदर डेयरी और वर्का के बाद अब अमूल ने भी दूध के दाम 2 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। यह बढ़ोतरी आज (1 मई) से लागू हो गई है। अमूल गोल्ड, स्लिम एंड ट्रिम, टोंड मिल्क और बफैलो मिल्क सहित सभी वेरायटी के दूध महंगे हुए हैं।
2. ATM से पैसे निकालने पर अधिक शुल्क
RBI ने ATM विड्रॉल चार्ज बढ़ाकर 23 रुपए कर दिया है। फ्री लिमिट खत्म होने के बाद अब हर कैश विड्रॉल पर 23 रुपए का चार्ज लगेगा (पहले 21 रुपए था)। हालांकि, फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या वही रहेगी:
-
मेट्रो शहरों में: अपने बैंक के ATM पर 5 फ्री, दूसरे बैंक के ATM पर 3 फ्री।
-
गैर-मेट्रो शहरों में: दूसरे बैंक के ATM पर 5 फ्री ट्रांजैक्शन।
3. रेलवे का नया नियम: वेटिंग टिकट पर स्लीपर/AC कोच में सफर नहीं
अब वेटिंग लिस्ट वाले यात्री केवल जनरल कोच में ही सफर कर सकेंगे। अगर कोई यात्री वेटिंग टिकट पर AC या स्लीपर कोच में पाया जाता है, तो उस पर जुर्माना लगेगा:
-
AC कोच: 440 रुपए
-
स्लीपर कोच: 250 रुपए
इसके अलावा, संबंधित स्टेशन तक का पूरा किराया भी देना होगा।
4. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 17 रुपए तक सस्ता
19 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम घटाए गए हैं:
-
दिल्ली: 14.50 रुपए कम, नई कीमत 1747 रुपए
-
मुंबई: 14.50 रुपए कम, नई कीमत 1699 रुपए
-
कोलकाता: 17 रुपए कम, नई कीमत 1851.50 रुपए
हालांकि, घरेलू LPG सिलेंडर (14.2 KG) के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
5. 26 क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRB) का विलय
सरकार ने “एक राज्य, एक RRB” नीति के तहत 26 क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों का विलय कर दिया है। अब देश में RRB की संख्या 43 से घटकर 28 रह गई है। कुछ प्रमुख विलय:
-
महाराष्ट्र: विदर्भ कोंकण + महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक
-
गुजरात: बड़ौदा गुजरात + सौराष्ट्र ग्रामीण बैंक
-
मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश + मध्यांचल ग्रामीण बैंक
इन बदलावों का उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं को सुचारू बनाना और लागत कम करना है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 6 मई को इसकी समीक्षा करेंगी।








