
लखनऊ: मध्य विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा सोमवार को पार्षदों और पार्टी नेताओं के साथ नगर निगम मुख्यालय पहुंच गए। यहां उन्होंने नगर निगम का घेराव करते हुए परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर बैठकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
पानी, सड़क और सफाई को लेकर नाराजगी
विधायक का आरोप है कि उनके क्षेत्र में लंबे समय से पानी, सड़क और साफ-सफाई की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन नगर निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को पीने का पानी तक नहीं मिल रहा, इसके बावजूद जल कर बढ़ा दिया गया है।
कूड़ा और बीमारियों का बढ़ता खतरा
रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कूड़ा हटाने के बजाय उस पर टैक्स लगाया जा रहा है।
‘स्मार्ट सिटी नहीं, स्मार्ट टैक्स’ का आरोप
विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि लखनऊ को स्मार्ट सिटी बनाना था, लेकिन यहां “स्मार्ट टैक्स” लगाए जा रहे हैं। उन्होंने नगर निगम से तत्काल समस्याओं के समाधान की मांग की।









