- जातीय जनगणना की मांग पर गरमाई राजनीति, पोस्टर के जरिए उठाए निजी सवाल
- राहुल-अखिलेश की जाति पर भाजपा का हमला, लखनऊ में लगा विवादित होर्डिंग
- जाति पूछने पर संसद में भड़के थे अखिलेश, अब पोस्टर में दोहराया सवाल
लखनऊ। लखनऊ में जातीय जनगणना को लेकर राजनीतिक जंग पोस्टरों तक पहुंच गई है। भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री अमित त्रिपाठी ने पार्टी मुख्यालय के बाहर एक होर्डिंग लगवाकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाना बनाया। होर्डिंग पर लिखा है— “जातीय जनगणना की उठाई आवाज… अब बताओ कौन जात?”
जाति बतानी पड़ेगी
त्रिपाठी ने कहा, “जब जातीय जनगणना होगी, तो सभी को अपनी जाति बतानी पड़ेगी। राहुल गांधी के दादा नेहरू अपने नाम के आगे ‘फिरोज खान’ लिखते थे। अब राहुल बताएं कि वे किस जाति से हैं।”
उन्होंने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा, “मुलायम सिंह यादव ‘सिंह’ लिखते थे, लेकिन अखिलेश ‘यादव’ हैं। वे स्पष्ट करें कि उनकी जाति क्या है। ये नेता जातीय जनगणना की मांग करते हैं, लेकिन अपनी जाति छुपाते हैं।”
अखिलेश के ‘भड़कने’ का जिक्र
त्रिपाठी ने याद दिलाया कि लोकसभा में अखिलेश से जब उनकी जाति पूछी गई, तो वे भड़क गए थे। “अब पूरे देश को जाति बतानी होगी,” उन्होंने चुनौती दी।
SP और BJP में टकराव
केंद्र सरकार के जातीय जनगणना के फैसले के बाद से SP और BJP के बीच तनाव बढ़ा है। SP नेता अखिलेश यादव लगातार इस मुद्दे पर सरकार पर हमला कर रहे हैं, जबकि भाजपा नेता अब उन्हें ही घेर रहे हैं। इस पोस्टर वॉर ने लखनऊ की सियासी गर्मी को और बढ़ा दिया है। आने वाले दिनों में यह बहस और तेज होने की आशंका है।








