ठाकुरगंज में 4 वर्षीय हसनैन सड़क सफाई गाड़ी की चपेट में आया
बच्चे का पैर गंभीर रूप से घायल, ऑपरेशन की संभावना
ड्राइवर मौके से फरार, गाड़ी पुलिस ने जब्त की
लखनऊ। ठाकुरगंज के प्रेरणा स्थल चौकी बसंत कुंज सेक्टर एक में नगर निगम की लापरवाही के चलते 4 वर्षीय हसनैन सड़क साफ करने वाली गाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसका एक पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तब हुआ जब बच्चा घर से खाना लेकर आ रहा था और खाली लौट रही रोड सफाई मशीन से टकरा गया।
हादसे का विवरण
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह सड़क सफाई मशीन LSA कंपनी की थी और इसकी नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी। टक्कर के तुरंत बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से हसनैन को तुरंत कैरीयर हॉस्पिटल, IIM रोड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे को ऑपरेशन की आवश्यकता है और पैर काटना पड़ सकता है।
हसनैन के मामा अतीक ने बताया, “बच्चा खाना लेकर आ रहा था, तभी गाड़ी ने सीधे टक्कर मार दी। डॉक्टरों का कहना है कि पहले पैर काटना पड़ेगा। इलाज में काफी समय लगेगा।”








