
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र में गैस पाइप लाइन डालने के दौरान पानी की मेन सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पंडा टोला क्षेत्र में हुई इस घटना से इलाके में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।
जानकारी के अनुसार आयुर्वेदिक अस्पताल के पास खुदाई के दौरान पानी की पाइप लाइन में बड़ा छेद हो गया, जिससे पानी का रिसाव शुरू हो गया और सप्लाई ठप पड़ गई।
बिना समन्वय के सड़क खुदाई पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार गैस पाइप लाइन डालने के लिए की गई खुदाई में नगर पालिका की जल लाइन की जानकारी को ठीक से ध्यान में नहीं रखा गया। इससे मेन पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
भीषण गर्मी के बीच पानी की आपूर्ति बंद होने से पूरे मोहल्ले के लोग परेशान हो गए। कई घरों में पीने के पानी की किल्लत खड़ी हो गई।
नगर पालिका ने कराया मरम्मत कार्य
घटना के बाद नगर पालिका के कर्मचारियों को मौके पर लगाया गया और क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत की गई। नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने बताया कि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर तत्काल कर्मचारियों को भेजकर मरम्मत कराई गई। उन्होंने कहा कि मरम्मत के बाद जलापूर्ति बहाल कर दी गई है।









