
- डंपर से टकराकर नहर में गिरी मजदूरों से भरी बस
- हादसे के बाद मची चीख-पुकार, चला रेस्क्यू ऑपरेशन
- बस की छत पर चढ़कर मजदूरों ने बचाई जान
कानपुर। कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक प्राइवेट बस डंपर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 20 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, सभी मजदूर कुढ़नी इलाके से प्राइवेट बस में सवार होकर रानियां स्थित ट्राई डेंट कंपनी में काम करने जा रहे थे। सुबह करीब 8 बजे बिधनू नहर के पास बस की सामने चल रहे डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस नहर में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों और घायल मजदूरों के अनुसार, हादसे के समय नहर में करीब 10 फीट गहरा पानी था। बस गिरते ही मजदूरों में दहशत फैल गई। कई मजदूर खिड़कियों के रास्ते बाहर निकलकर बस की छत पर पहुंच गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे।
एक घायल मजदूर ने आरोप लगाया कि बस चालक ने हादसे के दौरान वाहन संभालने की कोशिश नहीं की। उसका कहना था कि ड्राइवर बस को बचाने के बजाय पुल पर ही कूदकर भाग गया, जिससे बस सीधे नहर में गिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू टीम ने सीढ़ियां लगाकर बस में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।









