-
मोहनलालगंज स्थित सत्संग स्थल पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
-
महिला अनुयायी ने कहा- “अब जीवन में कुछ नहीं चाहिए, सिर्फ आपके साथ रहना है”
-
10 राज्यों से पहुंचे भक्त, मोबाइल और फोटो पर पूरी तरह पाबंदी
लखनऊ। लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में शनिवार सुबह राधा स्वामी सत्संग ब्यास परिसर में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में जैसे ही बाबा गुरिंदर सिंह पहुंचे, हजारों अनुयायी उनके दर्शन को उमड़ पड़े। इस दौरान कई लोगों ने जमीन पर दंडवत प्रणाम किया और बाबा के चेहरे की एक झलक पाने को लालायित दिखे।
प्रवचन के दौरान एक महिला अनुयायी भावुक होकर बोली, “अब मुझे इस जीवन से कुछ नहीं चाहिए, मैं आपके साथ शरीर छोड़ना चाहती हूं।” इस पर बाबा मुस्कराए और बोले, “शरीर छोड़कर मेरे साथ क्यों आना चाहती हो?” महिला ने उत्तर दिया, “क्योंकि आप हर जगह हैं, आपके साथ रहूंगी तो दर्शन होते रहेंगे।” इस पर बाबा ने जीवन की जिम्मेदारियों और आत्मिक शुद्धता की महत्ता पर बल दिया।
उत्तर प्रदेश सहित पंजाब, बिहार, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं के लिए सत्संग स्थल को सेक्टरों में बांटकर सुव्यवस्थित किया गया। मोबाइल फोन पूरी तरह जमा कराए गए, किसी को भी फोटो या वीडियो की इजाजत नहीं दी गई। केवल सेवादारों को मोबाइल रखने की अनुमति थी। सेवादारों ने ट्रैफिक, एंट्री, लंगर, चिकित्सा, पानी और स्वच्छता जैसी सभी व्यवस्थाएं संभालीं। बाबा गुरिंदर रविवार को भी सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक प्रवचन देंगे। दर्शन और प्रश्नोत्तर के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। कूपन और लाइन सिस्टम के माध्यम से अनुयायियों को एंट्री दी जाएगी।








