अंबेडकरनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजकीय हवाई पट्टी अकबरपुर में आयोजित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण, विकास प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सफलता की कहानियां
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी नाट्य रूपांतरण के माध्यम से दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने पोषण गीत प्रस्तुत कर स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
‘मेरी कहानी, मेरी जुबानी’ सत्र में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार और प्राकृतिक खेती से जुड़ी अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। कार्यक्रम में महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण पर जोर दिया गया।
लोकनृत्य और मल्लखंभ ने खींचा ध्यान
सांस्कृतिक संध्या में ब्रज लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। मथुरा के मुरारी लाल तिवारी और उनकी टीम ने ब्रज लोकनृत्य, मयूर नृत्य, फूलों की होली और लट्ठमार होली की प्रस्तुति दी।
अयोध्या की शालिनी द्वारा प्रस्तुत बधावा लोकनृत्य ने भी दर्शकों को आकर्षित किया।
झांसी की टीम द्वारा मल्लखंभ का प्रदर्शन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। कलाकारों ने संतुलन, साहस और कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रस्तुति को तालियों की गूंज के बीच सराहा गया।









