राम कपूर और एकता कपूर के बीच चल रहे विवाद में नया मोड़

  • अब राम कपूर ने कहा- “एकता जो चाहे कह सकती हैं, मैं चुप रहूंगा”
  • एक्टर ने कहा- “उन्होंने मुझ पर तब विश्वास किया जब किसी और ने नहीं किया”
  • विवाद को शांत करने की दिशा में राम कपूर का सकारात्मक रुख

मुंबई। टेलीविजन इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता राम कपूर और जानी-मानी प्रोड्यूसर एकता कपूर के बीच बीते कुछ समय से चल रहे विवाद में अब नया मोड़ आ गया है। जहां पहले राम कपूर ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि एकता ने उनकी इच्छा के विरुद्ध ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ सीरियल में इंटिमेट सीन डलवाए थे, वहीं अब उन्होंने एकता के प्रति आभार जताते हुए विवाद को खत्म करने के संकेत दिए हैं।

हाल ही में एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में राम कपूर ने कहा, “एकता जो चाहे कह सकती हैं, लेकिन मैं एक शब्द नहीं कहूंगा। उन्होंने मुझे वो दिया, जो किसी और ने नहीं दिया। उन्होंने मुझ पर तब विश्वास किया, जब किसी और ने नहीं किया। मैं इसके लिए हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा।”

राम कपूर ने यह भी कहा कि एकता को पूरा हक है कि वह उनके करियर पर जो चाहे कहें, क्योंकि उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

कैसे शुरू हुआ था विवाद?

कुछ समय पहले एक पॉडकास्ट में राम कपूर ने कहा था कि ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ शो के दौरान उन्होंने इंटिमेट सीन करने से मना किया था, क्योंकि वह सीन पारिवारिक दर्शकों के लिए उपयुक्त नहीं था। उन्होंने बताया कि कई पीढ़ियां एक साथ बैठकर यह शो देखती थीं, इसलिए किसिंग सीन को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई थी, लेकिन एकता कपूर ने इसके बावजूद सीन शूट करवाया।

इस बयान के बाद एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर क्रिप्टिक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था, “अनप्रोफेशनल एक्टर, जो मेरे शो के बारे में इंटरव्यू दे रहे हैं, उन्हें चुप रहना चाहिए। झूठी जानकारी और गलत कहानियां सिर्फ तब तक चलती हैं, जब तक मैं बात न करूं। लेकिन चुप रहने में गरिमा है।”

इस बयान के बाद दोनों के बीच विवाद गहराता नजर आया, लेकिन अब राम कपूर के हालिया बयान से संकेत मिल रहे हैं कि अभिनेता अब इस मुद्दे को आगे नहीं बढ़ाना चाहते और अपने पुराने निर्माता के साथ संबंधों को सम्मानपूर्वक बनाए रखना चाहते हैं।

इंडस्ट्री में मिलाजुला रुख

राम कपूर और एकता कपूर दोनों टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी-मानी हस्तियां हैं। ऐसे में उनके बीच हुआ यह विवाद इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां एक ओर कुछ लोगों ने राम कपूर के बयानों को समर्थन दिया, वहीं कई लोग एकता कपूर के पक्ष में खड़े नजर आए। हालांकि अब राम का ताजा बयान विवाद को ठंडा करने वाला साबित हो सकता है।

Related Posts

समीर वानखेड़े की याचिका दिल्ली हाई कोर्ट में खारिज

नई दिल्ली। आर्यन खान ड्रग केस के जांच अधिकारी रहे समीर वानखेड़े को गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा। अदालत ने उनके द्वारा आर्यन खान ड्रग केस पर…

Continue reading
लखनऊ में मां की डांट से नाराज 11 साल का लड़का घर से भागा

लखनऊ में 11 साल का लड़का मां की डांट से घर से भागा साइकिल लेकर निकला, तीन दिन बाद अहमदाबाद से बरामद परिवार ने गाजीपुर थाने में दी सूचना लखनऊ।…

Continue reading