जमानत पर छूटे युवक पर नाबालिग को दोबारा भगाने का आरोप, केस दर्ज

अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने नामजद युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि नाबालिग को पूर्व में अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के सिझौलिया गांव निवासी एक युवक बहला-फुसलाकर ले गया था। उस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था और छात्रा को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।

परिजनों का आरोप है कि जमानत पर रिहा होने के बाद युवक लगातार फोन कर धमकी दे रहा था। शिकायत में कहा गया है कि वह छात्रा को दोबारा अपने साथ ले जाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की बात कह रहा था।

9 फरवरी से लापता है छात्रा

तहरीर के अनुसार 9 फरवरी 2026 को छात्रा लारपुर स्थित सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज पढ़ने गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने अपने स्तर से तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिली।

परिजनों ने आशंका जताई है कि पूर्व में आरोपी रहे युवक ने ही दोबारा छात्रा को अपने साथ ले गया है। मामले की सूचना तत्काल सम्मनपुर थाने में दी गई।

नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिजनों की ओर से उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर के आधार पर कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच की जा रही है।

पूर्व में भी दर्ज हो चुका है मामला

इससे पहले भी नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें आरोपी की गिरफ्तारी और न्यायिक कार्रवाई हो चुकी है। वर्तमान घटना को उसी प्रकरण से जोड़कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button