
- आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं का शक्ति भवन से विधानसभा तक मार्च का प्रयास
- श्रीराम टावर के पास पुलिस ने रोका, हुई तीखी नोकझोंक
- कई प्रदर्शनकारी हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजे गए
- प्रतिपाल सिंह ने पगड़ी नोचने का लगाया आरोप
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को आम आदमी पार्टी (AAP) ने स्मार्ट मीटर के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शक्ति भवन पहुंचे और वहां से नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर कूच करने लगे।
प्रदर्शनकारियों के हाथों में पोस्टर और तख्तियां थीं, जिन पर सरकार के खिलाफ नारे लिखे हुए थे। जैसे ही यह समूह आगे बढ़ा, पुलिस ने उन्हें श्रीराम टावर के पास रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की जिद पर अड़ गए, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों को जबरन गाड़ियों में बैठाकर ईको गार्डन ले जाया गया।
प्रदर्शन में शामिल AAP के ऑटो विंग प्रदेश अध्यक्ष प्रतिपाल सिंह ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान उनकी पगड़ी नोचकर उनका अपमान किया गया।
‘बिजली मुनाफे का सौदा बन गई’
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता दिनेश ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार प्रदेश की जनता को लूटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई से पहले ही लोग परेशान हैं और अब स्मार्ट मीटर के जरिए बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी हो रही है।









