झांसी। माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद (21) की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, अबान के शरीर पर 23 चोटों के निशान मिले हैं। तेज टक्कर के कारण उसका लीवर, फेफड़े (लंग्स) और तिल्ली (स्प्लीन) फट गई थी, जबकि कई पसलियां भी टूट गई थीं। शरीर के अंदर अत्यधिक रक्तस्राव (इंटरनल ब्लीडिंग) होने से उसकी मौत हुई।
वहीं, कार में अबान की सीट के पीछे बैठे उसके साथी सोनू की मौत सिर की हड्डी टूटने से हुई। पोस्टमॉर्टम में उसके दोनों हाथों में भी फ्रैक्चर पाया गया। गुरुवार रात झांसी मेडिकल कॉलेज में तीन डॉक्टरों के पैनल ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम किया।
पोस्टमॉर्टम के दौरान अबान का बड़ा भाई अहजम पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचा। भाई का शव देखकर वह भावुक हो गया। बाद में उसने पुलिस अधिकारियों से पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मांगी, जिस पर अधिकारियों ने प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिपोर्ट उपलब्ध कराने की बात कही।
पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शवों को एक ही एंबुलेंस से प्रयागराज के लिए रवाना किया गया। शुक्रवार को दोनों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गौरतलब है कि गुरुवार को अबान झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। उसके साथ कार में चार दोस्त भी सवार थे। झांसी से करीब 70 किलोमीटर पहले पूंछ क्षेत्र में हाईवे पर कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अबान और सोनू की मौत हो गई, जबकि उमर अहमद, मोहम्मद जैद और फारुक अहजम घायल हो गए।









