
अम्बेडकरनगर। जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय ने बताया कि सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन मौजूद है। ऐसे में लोगों को घबराने या अतिरिक्त भंडारण करने की जरूरत नहीं है।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार जिले के पेट्रोल पंपों पर करीब 998 किलोलीटर डीजल और 986 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है। वहीं सभी गैस एजेंसियों पर 18 हजार से अधिक एलपीजी सिलेंडर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी तरह की कमी नहीं है।
जरूरत के अनुसार ही करें खरीदारी
जिला पूर्ति अधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें। अनावश्यक रूप से ड्रम, पीपा या अन्य बर्तनों में पेट्रोल और डीजल जमा न करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक ऊर्जा परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन का जिम्मेदारी से उपयोग करना जरूरी है।
उन्होंने साझा परिवहन व्यवस्था अपनाने की भी अपील की, ताकि ईंधन की बचत हो सके और अनावश्यक दबाव न बढ़े।
अवैध भंडारण पर होगी कार्रवाई
जिला पूर्ति अधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति अनावश्यक भंडारण या अवैध तरीके से ईंधन संग्रह करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और पेट्रोलियम एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।









