अंबेडकर जयंती को लेकर प्रशासन अलर्ट

14 अप्रैल को जनपद में व्यापक स्तर पर आयोजन, स्वच्छता से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक फोकस

  • अंबेडकर जयंती को लेकर प्रशासन अलर्ट
  • डीएम-एसपी ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा
  • जिलेभर में चलेगा स्वच्छता अभियान

अंबेडकरनगर में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से मनाने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर की मौजूदगी में समीक्षा बैठक कर सभी तैयारियों का जायजा लिया।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी आयोजन तय समय सीमा के भीतर और आपसी समन्वय के साथ पूरे किए जाएं।

जिलेभर में चलेंगे स्वच्छता अभियान और जनकार्यक्रम

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने बताया कि जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों और सरकारी कार्यालयों में स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और माल्यार्पण किया जाएगा।

जिला पंचायत सभागार में उनके जीवन और विचारों पर आधारित व्याख्यान आयोजित होगा। साथ ही नगर क्षेत्र में चिकित्सा शिविर और विद्यालयों में निबंध व भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि कार्यक्रमों के जरिए आमजन और विद्यार्थियों को सामाजिक जागरूकता से जोड़ा जाए।

प्रतिमा स्थलों की सुरक्षा पर विशेष निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी प्रतिमा स्थलों पर सुरक्षा और संरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता हो वहां जाली और छतरी लगाने का कार्य 14 अप्रैल से पहले हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button