आगरा में सीएम योगी सख्त

सड़क खोदने वाले ठेकेदारों पर FIR के निर्देश

  • सड़क मरम्मत में लापरवाही पर जताई नाराजगी
  • दोषी ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश
  • जनसुनवाई और अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के आदेश

आगरा। आगरा के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार देर रात मंडलायुक्त कार्यालय में कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सड़क खोदने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने पेयजल पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत में लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को तलब करते हुए दोषी ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग ने सीसी सड़क तोड़ी है तो उसे उसी गुणवत्ता की सीसी सड़क बनाकर देनी होगी।

सड़क को पहले जैसी स्थिति में करना होगा बहाल

सीएम योगी ने स्पष्ट कहा कि सड़क खुदाई के बाद केवल उसे चलने लायक बनाना पर्याप्त नहीं है। कार्य पूरा होने के बाद सड़क को पहले जैसी स्थिति में बहाल करना कार्यदायी संस्था और संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी होगी।

जनसुनवाई को बनाया सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस और अन्य माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों का गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनप्रतिनिधियों से भी जनता के बीच नियमित संवाद बनाए रखने की अपील की।

अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर सख्ती

बैठक में मुख्यमंत्री ने अवैध खनन और ओवरलोडिंग से सड़कों को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि दोषियों से क्षतिपूर्ति वसूली जाए और अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर उसकी नियमित समीक्षा की जाए।

ई-रिक्शा और टेंपो चालकों का होगा सत्यापन

सीएम योगी ने आगरा में संचालित ई-रिक्शा, टेंपो और अन्य थ्री-व्हीलर चालकों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चालकों का पता, पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कराई जाए, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button