आगरा की गंगापुरम-नर्मदापुरम टाउनशिप में 424 आवेदनों में मिलीं खामियां

ADA ने जारी की त्रुटि सूची, आवेदकों को सुधार के लिए 17 से 24 अगस्त तक का समय

आगरा। ग्रेटर आगरा परियोजना के तहत विकसित की जा रही गंगापुरम और नर्मदापुरम टाउनशिप में आवासीय भूखंडों के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में दोनों टाउनशिप के कुल 424 आवेदन पत्रों में त्रुटियां मिली हैं। अब आवेदकों को इन कमियों में सुधार के लिए 17 से 24 अगस्त तक का समय दिया गया है।

2176 आवेदन हुए प्राप्त

आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) के अनुसार, दोनों टाउनशिप के लिए कुल 2176 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें गंगापुरम टाउनशिप के लिए 1605 और नर्मदापुरम टाउनशिप के लिए 571 आवेदन मिले।

MIG-1 में तीन गुना आवेदन

प्राधिकरण के मुताबिक, MIG-1 श्रेणी में उपलब्ध भूखंडों की संख्या के मुकाबले करीब तीन गुना आवेदन प्राप्त हुए थे। इससे इस श्रेणी में प्रतिस्पर्धा अधिक रहने की संभावना है।

जारी हुई त्रुटि सूची

ऑनलाइन प्राप्त सभी आवेदन पत्रों और संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद त्रुटिपूर्ण आवेदनों की सूची सोमवार को जारी कर दी गई। सूची को ADA कार्यालय के सूचना पट्ट पर चस्पा करने के साथ ही प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड किया गया है।

24 अगस्त तक कर सकते हैं सुधार

जिन आवेदनों में दस्तावेज या अन्य जानकारी से संबंधित कमियां मिली हैं, संबंधित आवेदकों को 17 अगस्त से 24 अगस्त तक उनमें सुधार करने का मौका दिया गया है। आवेदकों को तय समय सीमा के भीतर त्रुटियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button