- पंचायत के दौरान पति-पत्नी में विवाद
- पत्नी ने सबके सामने पति को मारा थप्पड़
- आरोपी ने बाजार से चाकू खरीदकर किया हमला
आगरा। आगरा के ताजगंज क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में पति ने पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला के पेट में छह बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। महिला पिछले आठ महीने से मायके में रह रही थी और गुजारा भत्ता के लिए अदालत में याचिका भी दाखिल कर चुकी थी। मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए पंचायत बुलाई गई थी।
पंचायत के दौरान पति पत्नी को जबरन अपने साथ ले जाने लगा, जिसका महिला ने विरोध किया और गुस्से में उसे दो थप्पड़ मार दिए। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया, रास्ते में चाकू खरीदा और लौटकर पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया।









