- छर्रा थाना क्षेत्र में मामला सामने आया
- 14 वर्षीय किशोरी से वारदात का आरोप
- पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
अलीगढ़। अलीगढ़ के छर्रा थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
परिजनों के अनुसार, किशोरी शनिवार शाम करीब 5 बजे सब्जी लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक राहगीर ने बताया कि दो युवक किशोरी को गांव के बाहर ले जाते हुए देखे गए थे।
सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के पहुंचने पर दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि एक आरोपी ने बचने के लिए मकान की ऊपरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश किया और उसके साथ मारपीट कर वारदात को अंजाम दिया। गंभीर हालत में मिली किशोरी को चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए दीनदयाल अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्र होकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









