अंबेडकरनगर। अकबरपुर थाना क्षेत्र में मंदबुद्धि युवक की जमीन और बैंक खाते से जुड़ा बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। बहन ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि जमीन का बैनामा कराने के साथ बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लिए गए।
जमीन सौदे और बैनामा पर उठे सवाल
पीड़िता सरोजा के अनुसार, उसके भाई कुलदीप की सिझौली (मौहरिया खानपुर) स्थित 252.786 वर्ग मीटर जमीन को लेकर विवाद हुआ है। आरोप है कि 24 जनवरी 2026 को अमित कुमार राजभर ने एग्रीमेंट कराया था।
इसके बाद 16 जून 2026 को इसी जमीन का बैनामा अमित कुमार चौहान और अमर चौहान के नाम 20 लाख रुपये में कर दिया गया। पीड़िता का दावा है कि यह पूरी प्रक्रिया संदिग्ध परिस्थितियों में कराई गई।
बैंक खाते से कई बार में निकाली गई रकम
आरोप है कि अमित कुमार राजभर ने कुलदीप का एचडीएफसी बैंक अकबरपुर में खाता खुलवाया और एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक व आधार कार्ड अपने पास रख लिया।
इसके बाद 16 मई 2026 को खाते से 12 लाख रुपये निकाले गए। 18 जून 2026 को एटीएम से कई बार 10-10 हजार रुपये कर 40 हजार रुपये निकाले गए। 18 मई 2026 को भी 10 हजार रुपये की निकासी का आरोप है। इस तरह कुल 12 लाख 50 हजार रुपये की हेराफेरी का दावा किया गया है।
पुलिस जांच के दायरे में मामला
पीड़िता ने 31 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। मामला क्षेत्राधिकारी सदर स्तर पर जांच में है। हालांकि अभी तक किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है।









