
लखनऊ। लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में रविवार को प्लॉट पर कब्जे को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। एक गुट के लोगों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग और पत्थरबाजी की। इस दौरान एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहा है।
दोनों पक्ष थाने पहुंचे, पुलिस समझाने में लगी
घटना के बाद दूसरा गुट पुलिस स्टेशन पहुंचा और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को बुलाया और उन्हें समझाने की कोशिश की। पीड़ित पक्ष ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है।
पहले भी हो चुका है हमला
अमीनाबाद निवासी फाहम जाहिर ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। दो दिन पहले भी देर रात दबंगों ने प्लॉट पर काम कर रहे मजदूरों के साथ मारपीट की और हवाई फायरिंग कर आतंक फैलाया था। इस संबंध में उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और न ही पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई की।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
रविवार दोपहर करीब दो बजे अज्ञात बदमाश प्लॉट पर आए और खुलेआम कई राउंड हवाई फायरिंग कर फरार हो गए। यह पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपियों की गतिविधियां स्पष्ट देखी जा सकती हैं।
स्थानीय लोगों में भय और पुलिस से कार्रवाई की मांग
फाहम जाहिर ने कहा कि घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। लोग अपने घरों और दुकानों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तुरंत पहचान और गिरफ्तारी की मांग की।
स्थानीय लोग भी पुलिस से दबंगों पर कार्रवाई कर इलाके में कानून-व्यवस्था कायम करने की मांग कर रहे हैं।









