अंबेडकरनगर: अकबरपुर में बेखौफ चोरों का आतंक, दो घरों में लाखों की चोरी

अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शेखपुरा इलाके में मंगलवार देर रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए, जबकि एक अन्य घर में घुसने की कोशिश भी की गई।

ताले तोड़कर खंगाले घर, लाखों का सामान पार

शेखपुर कटारिया याकूबपुर गांव में संदीप वर्मा और अरविंद वर्मा के घरों को चोरों ने निशाना बनाया। देर रात चोरों ने ताले तोड़े और घर के अंदर रखे बक्से व अलमारियां खंगाल डालीं।

पीड़ितों के अनुसार, चोर करीब 3 लाख रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद परिवार के लोग स्तब्ध रह गए। सुबह जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया।

तीसरे घर में भी घुसने का प्रयास

चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने पास के एक और घर में भी घुसने की कोशिश की। स्थानीय निवासी राम तिलक ने बताया कि रात करीब 12 बजे छत पर कूदने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली।

उन्होंने बताया कि चोर घर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जाग होने की आहट मिलते ही वे भाग निकले। इससे एक और बड़ी घटना टल गई।

फायरिंग की चर्चा से इलाके में डर

ग्रामीणों का दावा है कि भागते समय चोरों ने फायरिंग भी की। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button