जनगणना की दौड़ में अंबेडकरनगर ने बढ़ाए कदम

84.4 फीसदी मकान सूचीकरण पूरा, समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने तय की आगे की रणनीति

अम्बेडकरनगर। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत संचालित मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य अब निर्णायक चरण की ओर बढ़ रहा है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। बैठक में सामने आए आंकड़ों के अनुसार जनपद में अब तक 84.4 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जिसके साथ अंबेडकरनगर ने प्रदेश स्तर पर अपनी स्थिति को मजबूत किया है।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी ज्योत्स्ना बंधु सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु शेष कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करना और फील्ड स्तर पर कार्य की गति को और तेज करना रहा।
तहसीलवार रिपोर्ट पर हुई गहन समीक्षा
बैठक में जनपद की सभी तहसीलों और चार्ज क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने क्षेत्रवार उपलब्धियों और शेष कार्यों की जानकारी दी। समीक्षा के दौरान बताया गया कि 9 जून 2026 तक निर्धारित लक्ष्य का 84.4 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा इस उपलब्धि के साथ जनपद उत्तर प्रदेश में 30वें स्थान पर है।
जिलाधिकारी ने प्रगति को संतोषजनक बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि लक्ष्य प्राप्ति तक इसी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि जहां कार्य की गति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष निगरानी और अतिरिक्त प्रयास किए जाएं।
विकास योजनाओं की नींव है जनगणना
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है। इसके आधार पर ही भविष्य की विकास योजनाएं तैयार होती हैं और संसाधनों का वितरण सुनिश्चित किया जाता है। ऐसे में आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button