
- BBAU मेस की गंदगी का वीडियो वायरल
- छात्रा की मौत के बाद छात्रों का प्रदर्शन जारी
- खराब खाने को लेकर छात्रों ने लगाए गंभीर आरोप
लखनऊ। Babasaheb Bhimrao Ambedkar University (BBAU) में एक छात्रा की मौत के बाद विवाद गहराता जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन के साफ-सफाई के दावों के उलट एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मेस में गंदगी और अव्यवस्था साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में कर्मचारी गंदगी के बीच बर्तन धोता नजर आ रहा है, जबकि वाटर कूलर भी खराब हालत में दिख रहा है।
छात्रा की मौत के बाद उठे सवाल
बीएससी-एमएससी इंटीग्रेटेड कोर्स की प्रथम वर्ष की छात्रा की मंगलवार शाम मौत हो गई थी। छात्र-छात्राओं का आरोप है कि खराब और दूषित भोजन इसकी वजह हो सकता है। हालांकि, प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
तीसरे दिन भी जारी धरना
छात्रा की मौत के बाद से कैंपस में छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी है। मंगलवार रात करीब ढाई हजार छात्र वीसी आवास पहुंच गए थे। मुलाकात न होने पर उन्होंने रातभर धरना दिया। बुधवार को वीसी से मुलाकात के बाद छात्रों ने 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
छात्रों की प्रमुख मांगें
- मेस संचालक के खिलाफ FIR दर्ज की जाए
- डीन और वार्डन का इस्तीफा लिया जाए
- कैंपस में भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए
प्रशासन का पक्ष
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रावास में खराब भोजन परोसने के आरोप निराधार हैं और इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। प्रशासन ने आरोप लगाया कि कुछ छात्र माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
साथ ही, वीसी आवास में घुसकर कथित तोड़फोड़ के मामले में जांच समिति गठित की गई है और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही गई है।
कंडोलेंस मीट न होने पर नाराजगी
जूलॉजी के छात्र विराल भारती ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक छात्रा की मौत के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कंडोलेंस मीट तक नहीं बुलाई। उन्होंने कहा कि कम से कम श्रद्धांजलि देकर एक दिन का अवकाश घोषित किया जाना चाहिए था।









