बेलफास्ट में प्रवासी विरोधी दंगे भड़के, कई जगह हिंसा और आगजनी

चाकूबाजी की घटना के विरोध में शुरू हुआ प्रदर्शन हिंसक हुआ, दुकानों और वाहनों को बनाया निशाना

उत्तरी आयरलैंड की राजधानी बेलफास्ट में एक चाकूबाजी की घटना के विरोध में शुरू हुआ प्रदर्शन बुधवार को बड़े प्रवासी विरोधी दंगों में बदल गया। बेलफास्ट समेत आयरलैंड और ब्रिटेन के कई शहरों में हिंसा, आगजनी और लूटपाट की घटनाएं सामने आई हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, बेलफास्ट और आसपास के इलाकों में नकाबपोश भीड़ ने घरों, दुकानों, बसों और वाहनों को निशाना बनाया। न्यूटाउनार्ड्स रोड पर कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि शैंकिल इलाके में दो दुकानों में लूटपाट की गई। एक अफ्रीकी प्रवासी की दुकान को भी आग लगा दी गई।

प्रवासी विरोधी प्रदर्शन का असर ब्रिटेन के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिला। लंदन के पार्लियामेंट स्क्वायर और स्कॉटलैंड के ग्लासगो में भी प्रदर्शन के दौरान हिंसा और तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

बताया जा रहा है कि हिंसा की शुरुआत बेलफास्ट में हुई एक चाकूबाजी की घटना के बाद हुई। आरोप है कि सूडान मूल के एक शरणार्थी और एक स्थानीय आयरिश नागरिक के बीच विवाद हुआ था, जिसके दौरान चाकू से हमला किया गया। हमले में 40 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गए।

पुलिस के मुताबिक, मामले का आरोपी हादी अलोदिद सूडान से फ्रांस होते हुए आयरलैंड पहुंचा था और बाद में बेलफास्ट में शरण की मांग की थी। उसे वर्ष 2028 तक ब्रिटेन में रहने की अनुमति मिली हुई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button