परीक्षा देने जा रही छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास

चाकू की नोक पर आम के बाग में खींच ले गया युवक, विरोध करने पर की मारपीट

लखनऊ। लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र में परीक्षा देने जा रही एक छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने छात्रा को चाकू की नोक पर आम के बाग में खींच ले जाकर उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई।

पीड़िता के अनुसार, वह मंगलवार दोपहर बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा देने कॉलेज जा रही थी। गांव के बाहर स्थित आम के बाग के पास पहले से मौजूद तेज बहादुर उर्फ तेजा ने उसे रोक लिया। छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने गले पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी और जबरन बाग में ले गया।

छात्रा ने बताया कि आरोपी ने उसके कपड़े फाड़ने की कोशिश की और विरोध करने पर मारपीट की। इस दौरान जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया गया। मारपीट और हमले में छात्रा के हाथ और पीठ में चोटें आईं। पीड़िता का कहना है कि शोर मचाने पर आरोपी ने उसका मुंह और गला दबा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया।

होश आने पर छात्रा किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

बीकेटी के एसीपी विकास पांडे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी तेज बहादुर उर्फ तेजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button