अम्बेडकर नगर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता अभियान तेज

अम्बेडकर नगर। प्रदेश में चल रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद अम्बेडकर नगर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा माह के 20वें दिन जिले में शिक्षा संस्थानों और प्रमुख चौराहों पर विशेष अभियान चलाया गया।

भानमती महाविद्यालय में छात्राओं को दी गई सड़क सुरक्षा की जानकारी

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत अकबरपुर स्थित भानमती महाविद्यालय, बसखारी रोड में अध्ययनरत छात्राओं को सड़क सुरक्षा से संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए। इस दौरान छात्राओं को सुरक्षित यातायात के नियमों, दो पहिया व चार पहिया वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में परिवहन विभाग की ओर से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की वर्तमान व्यवस्था की जानकारी भी साझा की गई। छात्राओं को SARTHI पोर्टल और VAHAN 4.0 पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन, लाइसेंस प्रक्रिया और वाहन संबंधी सेवाओं के बारे में समझाया गया, ताकि वे डिजिटल माध्यम से परिवहन सेवाओं का लाभ उठा सकें।

पटेल नगर तिराहे पर हेलमेट जागरूकता अभियान

सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत अकबरपुर के पटेल नगर तिराहे पर यातायात पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चला रहे चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया।

यातायात प्रभारी जय बहादुर यादव, उप निरीक्षक एवं यातायात पुलिस टीम ने वाहन चालकों को हेलमेट न पहनने से होने वाले दुष्परिणामों और हेलमेट पहनने से होने वाले सुरक्षा लाभों के बारे में बताया। अभियान का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ सकारात्मक संदेश के जरिए नियमों के पालन को बढ़ावा देना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button